मुरादाबाद : 5 करोड़ की रंगदारी मांगने वाला उधम सिंह गैंग का शार्प शूटर मुठभेड़ में ढेर
मुरादाबाद। यूपी एसटीएफ और मुरादाबाद पुलिस की संयुक्त टीम ने बुधवार देर रात कुख्यात उधम सिंह गैंग के शार्प शूटर आशु चड्ढा उर्फ मोंटी को मुठभेड़ में मार गिराया। 50 हजार रुपये का इनामी मोंटी पश्चिमी उत्तर प्रदेश का खूंखार अपराधी था, जिसके खिलाफ कुल 36 संगीन मुकदमे दर्ज थे।

मुठभेड़ सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के पोस्टमार्टम हाउस के पास हुई। सूचना मिलते ही एसटीएफ मेरठ फील्ड यूनिट और मुरादाबाद पुलिस की टीम ने इलाके की घेराबंदी कर दी। खुद को घिरा देख मोंटी ने पुलिस पर अत्याधुनिक हथियारों से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
एसएसपी सतपाल अंतिल ने बताया कि मोंटी ने हाल ही में मुरादाबाद के प्रतिष्ठित निर्यातक अरशू ढल से 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी थी और उनके ऊपर जानलेवा हमला भी किया था। इसी मामले में वह फरार चल रहा था।
आशु चड्ढा उर्फ मोंटी निवासी मीरपुर कला, हापुड़ का रहने वाला था। उसका आपराधिक इतिहास वर्ष 2010 से शुरू हुआ, जब वह हत्या के एक मामले में जेल गया था। जेल में ही उसका संपर्क पश्चिमी यूपी के कुख्यात उधम सिंह गैंग से हुआ। जमानत पर बाहर आने के बाद वह गैंग का सक्रिय सदस्य बन गया और शार्प शूटर के रूप में हत्या, लूट, डकैती तथा गैंगस्टर एक्ट जैसे गंभीर अपराधों को अंजाम देने लगा। उसके खिलाफ गाजियाबाद, हापुड़, मेरठ, बुलंदशहर और मुरादाबाद समेत विभिन्न जिलों में कुल 36 मुकदमे दर्ज थे।
मुठभेड़ स्थल से पुलिस ने एक स्विफ्ट कार, .32 बोर की ऑर्डिनेंस फैक्ट्री मेड पिस्टल, .32 बोर की रिवॉल्वर, 12 बोर की बंदूक तथा भारी मात्रा में जिंदा कारतूस और खोखे बरामद किए हैं। इससे साफ है कि मोंटी पुलिस से मुकाबला करने की पूरी तैयारी के साथ मौजूद था।

