वैभव-यशस्वी के तूफान में उड़ी मुंबई, राजस्थान की लगातार तीसरी जीत
गुवाहाटी। बारिश से प्रभावित 11-11 ओवर के मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने मुंबई इंडियंस को 27 रन से हराकर आईपीएल 2026 में जीत की हैट्रिक लगा दी। इस शानदार जीत के साथ राजस्थान 6 अंकों के साथ अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गया।
बारिश के कारण मुकाबला देरी से शुरू हुआ और इसे 11 ओवर प्रति पारी का कर दिया गया। टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या के लिए गलत साबित हुआ। राजस्थान के सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल और युवा स्टार वैभव सूर्यवंशी ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाते हुए मुंबई के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया।
यशस्वी ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 32 गेंदों में नाबाद 77 रन ठोक दिए। उनकी इस विस्फोटक पारी में 10 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। वहीं वैभव सूर्यवंशी ने 14 गेंदों पर 39 रन की तूफानी पारी खेली, जिसमें 5 गगनचुंबी छक्के शामिल थे। दोनों बल्लेबाजों ने महज 5 ओवर में 80 रन जोड़कर मैच का रुख पूरी तरह राजस्थान की ओर मोड़ दिया। राजस्थान ने निर्धारित 11 ओवर में 3 विकेट पर 150 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम के शुरुआती बल्लेबाज सस्ते में पवेलियन लौट गए और मुंबई कभी भी मैच में वापसी करती नजर नहीं आई। नमन धीर और शेरफेन रदरफोर्ड ने 25-25 रन जरूर बनाए, लेकिन टीम 11 ओवर में 9 विकेट पर 123 रन ही बना सकी।
राजस्थान की यह लगातार तीसरी जीत है, जबकि मुंबई इंडियंस को लगातार दूसरी हार झेलनी पड़ी। तीन मैचों में मुंबई की यह दूसरी शिकस्त है, जिससे टीम की स्थिति अंक तालिका में कमजोर हो गई है।


