मुजफ्फरपुर को स्वतंत्रता दिवस पर मिलेगा 2000 क्षमता वाला आधुनिक ऑडिटोरियम
मुजफ्फरपुर (जनवार्ता): जिले को इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर एक बड़ी सौगात मिलने जा रही है। कांटी अंचल के दाउदपुर कोठी में निर्माणाधीन 2000 दर्शक क्षमता वाला अत्याधुनिक ऑडिटोरियम लगभग तैयार हो चुका है। प्रशासन की योजना है कि 15 अगस्त को भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ इसका उद्घाटन किया जाए।

जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन ने गुरुवार को निर्माण स्थल का निरीक्षण कर कार्य प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी कार्य जुलाई तक गुणवत्ता के साथ पूर्ण कर लिए जाएं, ताकि निर्धारित समय पर उद्घाटन सुनिश्चित हो सके।
करीब 50 करोड़ रुपये की लागत से चार एकड़ क्षेत्र में विकसित हो रहे इस ऑडिटोरियम की चहारदीवारी का कार्य पूरा हो चुका है, जबकि मुख्य भवन तेजी से अंतिम चरण में पहुंच रहा है।
परियोजना के तहत मुख्य सड़क से ऑडिटोरियम तक सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए एप्रोच रोड के निर्माण पर भी विशेष जोर दिया गया है। नगर निगम को जल्द प्राक्कलन तैयार कर कार्य शुरू करने का निर्देश दिया गया है, वहीं परिसर के अंदरूनी मार्ग का निर्माण भवन निर्माण विभाग द्वारा कराया जाएगा।
ऑडिटोरियम के आसपास स्थित दो तालाबों के सौंदर्यीकरण की भी योजना है, जिससे पूरे परिसर को आकर्षक और दर्शनीय रूप दिया जा सके।
यह बहुउद्देशीय ऑडिटोरियम आधुनिक तकनीक और सुविधाओं से लैस होगा, जहां सांस्कृतिक कार्यक्रम, सेमिनार, कार्यशालाएं, प्रशिक्षण सत्र और बड़े स्तर की बैठकों का आयोजन किया जा सकेगा। इसके शुरू होने से जिले की सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।

