आदमपुर में फरियादी से दुर्व्यवहार का मामला: एसीपी ने गंभीरता से सुनी शिकायत, जांच के निर्देश

आदमपुर में फरियादी से दुर्व्यवहार का मामला: एसीपी ने गंभीरता से सुनी शिकायत, जांच के निर्देश

वाराणसी (जनवार्ता)। आदमपुर थाना क्षेत्र में पुलिस कार्यप्रणाली को लेकर एक मामला चर्चा में आ गया है। प्रहलाद घाट से जुड़े विवाद की शिकायत लेकर पहुंचे एक पीड़ित के साथ कथित दुर्व्यवहार का आरोप तेलियानाला चौकी प्रभारी पर लगा है, जबकि उच्च अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा दिया है।

rajeshswari

मिली जानकारी के अनुसार, प्रहलाद घाट निवासी सोनू अपने परिवार की जीविका चलाने के लिए नाव संचालन का कार्य करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ दबंग प्रवृत्ति के लोग, जिनका स्थान अन्य घाटों पर निर्धारित है, जबरन उनके घाट पर नाव बांधते हैं और विरोध करने पर उनकी नाव को क्षति पहुंचाते हैं। इससे उनके परिवार की रोजी-रोटी पर संकट उत्पन्न हो गया है।

इस संबंध में पीड़ित पांच पन्नों का प्रार्थना पत्र लेकर एसीपी आदमपुर विजय प्रताप सिंह से मिला। एसीपी ने एक महत्वपूर्ण बैठक के बाद समय निकालकर शिकायत को गंभीरता से पढ़ा और प्रभारी निरीक्षक विमल कुमार मिश्रा को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने पीड़ित को आश्वासन दिया कि मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित समाधान निकाला जाएगा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एसीपी की मौजूदगी में तो स्थिति सामान्य रही, लेकिन उनके जाने के बाद तेलियानाला चौकी प्रभारी अजय कुमार द्वारा पीड़ित से कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किया गया। मौके पर मौजूद एक वरिष्ठ पत्रकार द्वारा शालीनता बनाए रखने की बात कहने पर भी चौकी प्रभारी ने अपने व्यवहार को सही ठहराते हुए कहा कि “यह उनका काम करने का तरीका है।”

स्थानीय सूत्रों का यह भी कहना है कि घाट क्षेत्र में अवैध गतिविधियों जैसे नशा, जुआ और पर्यटकों के साथ लूटपाट—की शिकायतें समय-समय पर सामने आती रही हैं। ऐसे में पुलिस की भूमिका को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

इसे भी पढ़े   जिलाधिकारी ने जनसुनवाई में अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

हालांकि, एसीपी विजय प्रताप सिंह और प्रभारी निरीक्षक विमल कुमार मिश्रा की सक्रियता और संवेदनशीलता की सराहना की जा रही है, जिन्होंने फरियादी की समस्या को गंभीरता से सुना और कार्रवाई का भरोसा दिया। अब देखना यह होगा कि आरोपित चौकी प्रभारी के खिलाफ उच्चाधिकारियों द्वारा क्या कदम उठाए जाते हैं और घाट क्षेत्र में व्यवस्था सुधार के लिए क्या ठोस पहल की जाती है।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *