दालमंडी में मीडिया कवरेज पर अस्थायी रोक, पुलिस रोज साझा करेगी ध्वस्तीकरण की जानकारी
वाराणसी (जनवार्ता)। दालमंडी क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण कार्य के तहत चल रहे ध्वस्तीकरण अभियान को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर मीडिया कवरेज पर अस्थायी प्रतिबंध लगा दिया है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ध्वस्तीकरण कार्य के दौरान किसी भी प्रकार की दुर्घटना की आशंका को देखते हुए मीडिया कर्मियों को मौके पर प्रवेश न करने का निर्देश दिया गया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार दालमंडी सड़क चौड़ीकरण का कार्य तेजी से प्रगति पर है, जिसके चलते कई भवनों का ध्वस्तीकरण एक साथ किया जा रहा है। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह निर्णय लिया गया है।
प्रशासन ने कहा है कि मीडिया को हर दिन ध्वस्तीकरण कार्य की प्रगति और आवश्यक जानकारी आधिकारिक रूप से साझा की जाएगी, ताकि सूचना संप्रेषण में कोई बाधा न आए। पुलिस ने सभी मीडिया बंधुओं से अनुरोध किया है कि वे ध्वस्तीकरण कार्य के दौरान दालमंडी क्षेत्र में प्रवेश न करें और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें।

