मामी से अफेयर के चलते पत्नी की हत्या, कारोबारी ने खुद को भी कैंची मारी
संभल में सनसनीखेज वारदात, चार बच्चों के सामने हुई घटना; आरोपी अस्पताल में भर्ती
संभल। उत्तर प्रदेश के संभल जिले में रविवार रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां मेडिकल स्टोर संचालक ने अपनी पत्नी की कैंची से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने खुद के पेट में भी कैंची मारकर आत्महत्या की कोशिश की। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना संभल कोतवाली क्षेत्र के मंडी किशन दास सराय गांव की बताई जा रही है, जो जिला मुख्यालय से करीब 30 किलोमीटर दूर है।
पुलिस के अनुसार आरोपी नफीस (40) मेडिकल स्टोर चलाता है, जबकि उसकी पत्नी नजमा (38) आशा वर्कर थी। दोनों के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था और आए दिन झगड़े होते रहते थे। रविवार रात नफीस अपनी पत्नी से मिलने उसके घर पहुंचा था। बातचीत के दौरान दोनों के बीच विवाद हो गया, जो धीरे-धीरे मारपीट में बदल गया। गुस्से में आकर नफीस ने पास में रखी कैंची से नजमा पर कई वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात के बाद आरोपी ने खुद पर भी कैंची से हमला कर आत्महत्या की कोशिश की। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल नफीस को अस्पताल भिजवाया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक अमरोहा जिले के आलमपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले नफीस का करीब 15 वर्ष पहले बदायूं जिले के उगौती थाना क्षेत्र निवासी नजमा से निकाह हुआ था। दोनों के चार बच्चे हैं—दो बेटियां अनाबिया (13) और मायरा (11) तथा दो बेटे आफताब (9) और अजलान (2)। करीब पांच वर्ष पहले नफीस अपने परिवार के साथ संभल आकर रहने लगा था।
मृतका के भाई अकील अहमद ने आरोप लगाया है कि नफीस का पिछले तीन वर्षों से अपनी मामी के साथ अवैध संबंध था और वह उससे शादी करना चाहता था। इसी वजह से वह नजमा पर तलाक का दबा बना रहा था। इस बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। दो साल पहले नजमा बच्चों के साथ अलग रहने लगी थी और आशा वर्कर की नौकरी मिलने के बाद वह खुद ही बच्चों का खर्च उठा रही थी।
परिजनों का कहना है कि नफीस अक्सर नजमा के साथ मारपीट करता था। कुछ दिन पहले उसने पुलिस में शिकायत भी दी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने सीएम हेल्पलाइन पर भी शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि पूछताछ के बाद पुलिस ने नफीस को छोड़ दिया था।
मृतका की बड़ी बेटी अनाबिया ने बताया कि रविवार रात पिता घर आए और चारों बच्चों को दूसरे कमरे में सोने के लिए भेज दिया। कुछ देर बाद माता-पिता के बीच झगड़ा शुरू हो गया। शोर सुनकर जब वह कमरे से बाहर आई तो देखा कि पिता मां पर कैंची से वार कर रहे थे। उसने शोर मचाकर पड़ोसियों को बुलाया।
पड़ोसियों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और खून से सनी कैंची बरामद की। नजमा को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपी की हालत स्थिर होने के बाद उससे पूछताछ की जाएगी।


