कानपुर: नाबालिग किशोरी से गैंगरेप का मुख्य आरोपी निलंबित दरोगा गिरफ्तार
कानपुर (जनवार्ता): कानपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सचेंडी थाना क्षेत्र में 14 वर्षीय किशोरी से कथित सामूहिक दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी निलंबित दरोगा अमित कुमार मौर्य को शुक्रवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने अमित कुमार मौर्य को सोना गांव के पास से पकड़ा। वह लगभग 5-6 महीने से फरार था। पुलिस की कई टीमें लगातार कानपुर, लखनऊ, प्रयागराज, गोरखपुर समेत छह जिलों में दबिश दे रही थीं। अंत में आज कानपुर में ही उसे पकड़ लिया गया।
मामला जनवरी 2026 का है, जब सचेंडी क्षेत्र में किशोरी को कथित तौर पर अगवा कर स्कॉर्पियो में गैंगरेप किया गया। मुख्य आरोपी अमित कुमार मौर्य, जो तत्कालीन भीमसेन चौकी इंचार्ज थे और गोरखपुर के रहने वाले हैं, तथा स्थानीय यूट्यूबर शिवबरन यादव पर आरोप है। शिवबरन यादव को घटना के तुरंत बाद गिरफ्तार कर लिया गया था, जबकि अमित मौर्य फरार हो गया था। पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल के निर्देश पर मौर्य पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
मौर्य को पहले ही निलंबित कर दिया गया था। पीड़िता के बयान के आधार पर मामले में पॉक्सो एक्ट, गैंगरेप और अपहरण की धाराएं लगाई गई हैं। आरोपी दरोगा के खिलाफ कई महीनों तक छापेमारी चली, लेकिन वह लगातार बचता रहा।
यह मामला शुरू से ही सुर्खियों में रहा क्योंकि एक पुलिस अधिकारी का इसमें शामिल होना बेहद गंभीर माना गया। पीड़िता के परिवार को धमकियां भी मिली थीं। आरोपी ने खुद को निर्दोष बताते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भी लिखा था।
गिरफ्तारी के बाद अमित कुमार मौर्य को आगे की कार्रवाई के लिए पुलिस हिरासत में लिया गया है।

