वाराणसी : सरैया गांव में मालवाहक की टक्कर से गिरी दीवार गिरी, 5 वर्षीय मासूम की मौत

वाराणसी : सरैया गांव में मालवाहक की टक्कर से गिरी दीवार गिरी, 5 वर्षीय मासूम की मौत

वाराणसी (जनवार्ता)। राजातालाब थाना क्षेत्र के सरैया गांव में मंगलवार दोपहर एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ, जिसमें 5 वर्षीय मासूम अनुराग की मौके पर ही मौत हो गई। बोरिंग कार्य के लिए आई मालवाहक वाहन की तेज टक्कर से कच्ची दीवार ढह गई, जिसके मलबे में दबकर बच्चे ने दम तोड़ दिया। हादसे में आंगनबाड़ी कार्यकर्ती सरोज देवी और एक अन्य छोटी बच्ची सृष्टि भी गंभीर रूप से घायल हो गईं।

rajeshswari

जानकारी के मुताबिक, अनुराग अपने नाना महादेव के घर रहता था। वह आंगनबाड़ी केंद्र (प्ले स्कूल) से पढ़ाई पूरी कर अपनी अध्यापिका सरोज देवी के साथ घर लौट रहा था। घर के दरवाजे पर पहुंचते ही गांव में बोरिंग के लिए आई मालवाहक गाड़ी बैक कर रही थी। चालक को पीछे की कच्ची दीवार का ध्यान नहीं रहा और वाहन तेजी से दीवार से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पूरी दीवार भरभराकर गिर पड़ी। अनुराग, सरोज देवी और सृष्टि मलबे के नीचे दब गए।

ग्रामीणों ने जोरदार आवाज सुनकर तुरंत मौके पर पहुंचा और मलबा हटाकर तीनों को बाहर निकाला। लेकिन तब तक अनुराग की सांसें थम चुकी थीं। घायल सरोज देवी और सृष्टि को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

अनुराग परिवार में दो भाइयों में सबसे छोटा था। उसकी मौत से पूरा परिवार सदमे में डूब गया है। मां जानकी बार-बार बेहोश हो रही हैं, जबकि नाना महादेव और अन्य परिजन फूट-फूटकर रो रहे हैं। ग्रामीण बताते हैं कि अनुराग बेहद होनहार, चंचल और गांव का लाड़ला बच्चा था, जिसे सब बहुत प्यार करते थे।

इसे भी पढ़े   गंगा में डूबे तीन छात्र

हादसे के बाद सरैया गांव में सन्नाटा छा गया। राजातालाब पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। सेवापुरी विधायक की प्रतिनिधि अदिति पटेल भी घटनास्थल पर पहुंचीं और शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी। उन्होंने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया। काफी प्रयासों के बाद परिजन पोस्टमार्टम के लिए राजी हुए। पुलिस ने मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मालवाहक वाहन को कब्जे में ले लिया है।

पुलिस हादसे के कारणों की गहन जांच कर रही है और वाहन चालक के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *