तमिलनाडु की 80 वर्षीय महिला ने काशी विश्वनाथ मंदिर को ₹3 करोड़ का दान दिया
वाराणसी (जनवार्ता)। तमिलनाडु की 80 वर्षीय महिला ने अपने दिवंगत पति और दो बेटों की स्मृति में श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास को तीन करोड़ रुपये का दान दिया है। यह दान चेक के माध्यम से किया गया, जिससे पूरी प्रक्रिया पारदर्शी रही। हाल के वर्षों में किसी बड़े मंदिर को चेक के जरिए दिए गए बड़े दानों में इसे शामिल माना जा रहा है।

महिला 12 जुलाई को अपने प्रबंधक के साथ वाराणसी पहुंचीं और मंडलायुक्त एस. राजलिंगम से मुलाकात की। उनकी इच्छा पर मंडलायुक्त की मौजूदगी में श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास के अधिकारियों को बुलाया गया, जहां उन्होंने चेक सौंपकर दान की राशि जमा कराई। इसके बाद उन्हें न्यास की ओर से आधिकारिक रसीद भी प्रदान की गई।
मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने बताया कि महिला ने अपने दिवंगत पति और दोनों बेटों की स्मृति में यह दान किया है। दान की राशि में एक करोड़ रुपये मंदिर के अन्नक्षेत्र (सामुदायिक रसोई) के लिए, दोनों बेटों की स्मृति में एक-एक करोड़ रुपये तथा रुद्राभिषेक पूजा के लिए 50 हजार रुपये शामिल हैं। महिला ने अगले 25 वर्षों तक रुद्राभिषेक कराने की भी व्यवस्था कराई है।
मंदिर प्रशासन के अनुसार, दानदाता ने अनुरोध किया है कि उनके परिवार और गृह जिले की जानकारी सार्वजनिक न की जाए। दान के बाद उन्होंने बाबा विश्वनाथ के दर्शन-पूजन कर अपने दिवंगत परिजनों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
यह दान ऐसे समय में सामने आया है, जब राम मंदिर में चढ़ावे के प्रबंधन को लेकर विवाद चर्चा में है। हालांकि काशी विश्वनाथ मंदिर प्रशासन ने स्पष्ट किया कि दान की पूरी प्रक्रिया नियमानुसार और पारदर्शी तरीके से पूरी की गई।

