मिर्जापुर में ट्रक हादसे में तीन की मौत सीएम योगी ने जताया शोक*
मिर्जापुर(जनवार्ता)। उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जनपद के अहरौरा थाना क्षेत्र में गुरुवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। कुदरन क्रॉसिंग के पास तड़के करीब तीन बजे वाराणसी से सोनभद्र की ओर जा रहे एक ट्रक का टायर फटने से वह अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे स्थित एक मकान में जा घुसा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मकान की दीवार भरभराकर गिर गई और वहां सो रहे लोग मलबे में दब गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल मलबा हटाकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया, जबकि सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंच गई और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

हादसे में राजाराम राजभर (47), सुखिया (70) और चांदतारा (45) की मौत हो गई। वहीं सुहानी (12), निवासी मुजेहरा देहात कोतवाली, तथा सुनील शर्मा (45) गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल व्याप्त हो गया।
हादसे से नाराज ग्रामीणों ने अहरौरा के कुदरन गांव के पास वाराणसी-शक्तिनगर हाईवे जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान पुलिस वाहन को भी नुकसान पहुंचाने की सूचना है। प्रदर्शनकारियों ने मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। हालात को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया और प्रशासन ने लोगों को समझाकर स्थिति सामान्य करने का प्रयास शुरू किया।
इस दर्दनाक हादसे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए अधिकारियों को घायलों का समुचित उपचार सुनिश्चित कराने, राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने तथा प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

