पीएम मोदी पर टिप्पणी विवाद के बीच अजय राय का पलटवार, बोले- “कर लें प्रताड़ित, भागने वाला नहीं”
वाराणसी (जनवार्ता)। प्रधानमंत्री पर की गई टिप्पणी को लेकर चल रहे राजनीतिक विवाद के बीच उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला है। वाराणसी में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि चाहे उनका एनकाउंटर करा दिया जाए, परिवार को नुकसान पहुंचाया जाए या घर गिरा दिया जाए, लेकिन वे डरने या भागने वाले नहीं हैं।

अजय राय ने कहा, “चाहे मेरा एनकाउंटर करवा दें, मेरे परिवार की हत्या करवा दें या मुझे कितना भी प्रताड़ित कर लें, लेकिन मैं भगोड़ा नहीं हूं और न ही भागने वाला हूं। मैं महादेव का सच्चा भक्त हूं। मेरा सवाल सिर्फ इतना है कि प्रदेश भर में पीड़ित लोगों को न्याय कब मिलेगा।”
उन्होंने भाजपा नेताओं द्वारा लगाए जा रहे आरोपों पर भी प्रतिक्रिया दी। अजय राय ने कहा कि वह पांच बार विधायक रह चुके हैं और जब भाजपा में थे तब यही लोग उनके साथ चलते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि आज आम जनता के मुद्दे उठाने पर उन्हें निशाना बनाया जा रहा है। साथ ही उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार प्रदेश में गुंडों और माफियाओं को संरक्षण दे रही है।
गौरतलब है कि महोबा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर की गई टिप्पणी के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने वाराणसी में विरोध प्रदर्शन किया था। इस दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष का पुतला दहन किया गया और भाजपा नेताओं ने उनके बयान की कड़ी आलोचना की थी।
विवाद के बीच कांग्रेस और भाजपा के बीच बयानबाजी तेज हो गई है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि आगामी विधानसभा चुनावों से पहले इस मुद्दे पर दोनों दलों के बीच टकराव और बढ़ सकता है।

