काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर में अभद्रता का आरोप, नियमित श्रद्धालु महिलाओं ने की कार्रवाई की मांग
दर्शन-पूजन के दौरान गाली-गलौज और धन मांगने का आरोप, मंदिर प्रशासन से निष्पक्ष जांच की अपील
वाराणसी (जनवार्ता)। श्री काशी विश्वनाथ धाम में नियमित रूप से दर्शन-पूजन के लिए आने वाली महिलाओं ने मंदिर परिसर में एक महिला द्वारा अभद्र व्यवहार किए जाने का आरोप लगाते हुए मंदिर प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है। महिलाओं का कहना है कि इस तरह की घटनाओं से श्रद्धालुओं को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है और मंदिर की गरिमा भी प्रभावित हो रही है।

नेमि श्रद्धालु महिलाओं विभा, राधा, शैल, सुनीता, किरन, कंचन समेत अन्य ने बताया कि वे प्रतिदिन सुबह 4 से 5 बजे के बीच बाबा विश्वनाथ के दर्शन और पूजन के लिए मंदिर पहुंचती हैं। उनका आरोप है कि पिछले लगभग दो वर्षों से मंदिर परिसर में मौजूद एक महिला उनसे अभद्र व्यवहार करती है तथा धन की मांग करती है।
महिलाओं का कहना है कि पैसे देने से इनकार करने या विरोध जताने पर संबंधित महिला गाली-गलौज करती है और कई बार विवाद की स्थिति उत्पन्न कर देती है। इससे नियमित रूप से दर्शन के लिए आने वाली महिलाओं को मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
श्रद्धालुओं ने कहा कि काशी विश्वनाथ धाम देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां लोग शांति और श्रद्धा के साथ पूजा-अर्चना करने आते हैं। ऐसे में मंदिर परिसर में इस प्रकार की घटनाएं भक्तों की धार्मिक भावनाओं को प्रभावित कर रही हैं।
महिलाओं ने मंदिर प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि मंदिर परिसर का वातावरण श्रद्धा, शांति और अनुशासन के अनुरूप बनाए रखने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाने चाहिए, ताकि सभी श्रद्धालु निर्भय होकर दर्शन-पूजन कर सकें।

