असामाजिक तत्वों ने दैत्रावीर बाबा की मूर्ति किया खंडित, स्थानीय लोगों में आक्रोश
वाराणसी (जनवार्ता) | लक्सा थाना क्षेत्र के सनातन धर्म इंटर कॉलेज के पीछे स्थित दैत्रावीर बाबा के मंदिर में असामाजिक तत्वों ने बीती रात बाबा की प्रतिमा को तोड़-फोड़ कर खंडित कर दिया। इस घटना से क्षेत्र के श्रद्धालुओं और स्थानीय निवासियों में गहरा आक्रोश व्याप्त है।

घटना की सूचना मिलते ही लक्सा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों को समझा-बुझाकर शांति बनाए रखने की अपील की और मूर्ति को तुरंत ठीक कराकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना कराई। श्री दुर्गा पूजा समिति के कार्यवाहक अध्यक्ष सूरज जायसवाल ने बताया कि मंदिर क्षेत्र में रात भर सब कुछ सामान्य था, लेकिन सुबह पूजा करने पहुंचे श्रद्धालुओं ने मूर्ति को खंडित अवस्था में पड़ा देखा। उन्होंने तुरंत डायल-112 पर सूचना दी।
स्थानीय निवासी और पूजा समिति के पदाधिकारियों ने इस घटना की कड़ी निंदा की है। उन्होंने इसे शरारती तत्वों की करतूत बताते हुए दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि दैत्रावीर बाबा का मंदिर क्षेत्र का एक प्राचीन और महत्वपूर्ण धार्मिक स्थल है, जहां रोजाना बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा-अर्चना करने आते हैं।
समिति के पदाधिकारियों ने आश्वासन दिया कि वे शीघ्र ही मूर्ति की पूर्ण स्थापना कराएंगे। साथ ही स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मंदिर परिसर के आसपास सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके और दोषियों की तुरंत पहचान की जा सके।
लक्सा थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और सीसीटीवी फुटेज तथा स्थानीय सूत्रों के आधार पर दोषियों की तलाश की जा रही है। उन्होंने क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने का भरोसा भी दिया है।

