चोलापुर : मछली कारोबारी को रौंदकर बेकाबू हाईवा मकान में घुसा
तीन लोग गंभीर रूप से घायल, मुआवजे की मांग पर ग्रामीणों ने लगाया जाम
वाराणसी (जनवार्ता)। चोलापुर थाना क्षेत्र के चमरहां बाजार में रविवार दोपहर करीब 2:30 बजे एक अनियंत्रित हाईवा ट्रक ने जमकर तबाही मचाई। वाराणसी की ओर से आ रहे हाईवा ने सड़क किनारे नाली और बिजली के खंभे को तोड़ते हुए मछली का कारोबार कर रहे विकास उर्फ राजू सोनकर (26) को कुचल दिया। इसके बाद ट्रक बगल के एक मकान में जा घुसा। हादसे में विकास की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, विकास रोज की तरह अपनी मछली की दुकान पर बैठा था। इसी दौरान तेज रफ्तार हाईवा अनियंत्रित होकर दुकान की ओर बढ़ा और उसे अपनी चपेट में लेते हुए मकान में जा घुसा। हादसे के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई। घायलों में 45 वर्षीय सोती हरिजन भी शामिल हैं। अन्य दो घायलों की स्थिति भी गंभीर बताई जा रही है।
पत्नी और दो बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
विकास तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी मोनी सोनकर और एक बेटा तथा एक बेटी हैं। हादसे ने परिवार के सामने रोजी-रोटी का गंभीर संकट खड़ा कर दिया है।
मुआवजे की मांग पर हाईवे जाम
हादसे से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने मुआवजे की मांग को लेकर वाराणसी-आजमगढ़ हाईवे पर जाम लगा दिया। प्रदर्शन के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात प्रभावित हो गया। करीब दो घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही।
सूचना पर कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। एसीपी सारनाथ विनय कुमार द्विवेदी और एसडीएम सदर नितिन सिंह ने मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवार से बातचीत करने तथा जाम खुलवाने का प्रयास किया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लोगों को समझाने में जुटे रहे।
घटना के बाद चमरहां बाजार में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोग पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने और घायलों के समुचित उपचार की मांग कर रहे हैं।

