राष्ट्रीय एकता दिवस पर सीआरपीएफ की 95वीं बटालियन ने ली एकता और अखंडता की शपथ
वाराणसी (जनवार्ता)। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की 95वीं बटालियन की ओर से शनिवार को लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में उत्साह और देशभक्ति के साथ मनाई गई। इसमें बटालियन के कमांडेंट राजेश्वर एस. बालापुरकर ने अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों और जवानों को देश की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई। इस दौरान कमांडेंट ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति और दूरदर्शिता से देश की रियासतों का विलय कर अखंड भारत का निर्माण किया। वही उन्होंने कहा कि सीआरपीएफ देश की आंतरिक सुरक्षा और राष्ट्रीय अखंडता बनाए रखने के लिए सदैव अग्रिम मोर्चे पर तैनात रहती है।

उन्होंने जवानों से ‘सेवा और निष्ठा’ के आदर्श वाक्य को आत्मसात करते हुए देश की संप्रभुता की रक्षा के लिए तत्पर रहने का आह्वान किया। कार्यक्रम में भारत माता की जय के नारों से परिसर गूंजता रहा। इस अवसर पर द्वितीय कमान अधिकारी राज कुमार सिंह, आलोक कुमार, उपकमांडेंट नवनीत कुमार, चिकित्सा अधिकारी रवि प्रकाश सुनकर, सहायक कमांडेंट अभिषेक कुमार, रंजन सिंह, ज्ञानेश प्रताप सिंह, निरीक्षक कृष्ण कुमार यादव एवं प्रिंस सिंह सहित अन्य जवान उपस्थित रहे।

