इंजीनियरिंग विभाग ने विजय की धुआँधार पारी से विद्युत ऑपरेशन को 21 रनों से हराया, क्वार्टर फाइनल में प्रवेश
वाराणसी (जनवार्ता): पूर्वोत्तर रेलवे के लहरतारा रेलवे स्टेडियम में चल रही अंतर-विभागीय टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता 2025 में गुरुवार को खेले गए रोमांचक मुकाबले में इंजीनियरिंग विभाग ने विद्युत ऑपरेशन विभाग को 21 रनों से पराजित कर क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंजीनियरिंग टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 178 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम की जीत के हीरो रहे विजय ने मात्र 42 गेंदों में 2 चौके और 8 छक्कों की मदद से शानदार 72 रनों की पारी खेली। उनके अलावा अभिषेक ने 14 गेंदों पर 32 रन (2 चौके, 3 छक्के) और सुरेंद्र ने 30 गेंदों पर 20 रन (2 चौके, 1 छक्का) का योगदान दिया।
विद्युत ऑपरेशन की ओर से शैलेश और विपिन ने 2-2 विकेट लिए, जबकि अमित और नादिर को 1-1 विकेट मिला।
179 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी विद्युत ऑपरेशन की टीम 20 ओवर में 6 विकेट पर केवल 157 रन ही बना सकी। टीम की ओर से नादिर ने सबसे अधिक 78 रन बनाए (51 गेंद, 12 चौके, 2 छक्के), जबकि दिनेश 18, शैलेश 16 और रामदयाल 13 रन बना सके। इंजीनियरिंग की गेंदबाजी में विजय, अखिलेश, अश्वनी, अजीत और सुभाष ने 1-1 विकेट हासिल किया।
मैच के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी (मैन ऑफ द मैच) का पुरस्कार इंजीनियरिंग के विजय को पूर्वोत्तर रेलवे के वरिष्ठ खिलाड़ी एवं विजी ट्रॉफी विजेता नौशाद अली खान ने प्रदान किया।
प्रतियोगिता मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देशन और मंडल क्रीड़ा अधिकारी बालेंद्र पॉल के नेतृत्व में आयोजित की जा रही है।

