चलती बाइक में लगी आग
चालक ने कूदकर बचाई जान
वाराणसी (जनवार्ता)। आदमपुर थाना क्षेत्र के गोलगड्डा चौराहे के पास मंगलवार दोपहर चलती बाइक में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। चालक की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया। उसने तुरंत बाइक सड़क किनारे रोककर खुद को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। कुछ ही पलों में बाइक आग का गोला बन गई और धू-धू कर जलने लगी।

घटना को देखकर राहगीरों और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तेज लपटों के कारण कोई भी बाइक के करीब नहीं जा सका।
सूचना मिलते ही आदमपुर थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बाइक पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी।
बताया गया कि जली हुई बाइक कोनिया धोबीघाट निवासी अश्विनी गुप्ता की थी। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार आग शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी के कारण लगी हो सकती है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
गनीमत रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। चालक की सूझबूझ और समय रहते बाइक से उतर जाने के कारण एक बड़ा हादसा टल गया।

