विज्ञान समागम में छात्रों से रूबरू हुए पूर्व इसरो प्रमुख
वाराणसी (जनवार्ता)। बीएचयू के स्वतंत्रता भवन सभागार में शुक्रवार को पूर्व इसरो अध्यक्ष पद्मश्री ए.एस. किरण कुमार ने स्कूली छात्रों से सीधा संवाद किया। उन्होंने नई प्रौद्योगिकियों को अपनाकर भविष्य के भारत का नेतृत्व करने की अपील की।

बीएचयू और आईआईटी (बीएचयू) की संयुक्त पहल ‘प्रज्ञान-26’ के तहत आयोजित तीन दिवसीय विज्ञान समागम का शुभारंभ करते हुए किरण कुमार ने कहा, “छात्रों को उभरती हुई प्रौद्योगिकियों की शक्ति को समझना और अपने कौशल को निखारना चाहिए। विज्ञान, नवाचार और दृढ़ संकल्प के साथ आप 2047 तक विकसित भारत के सपने को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।”
उन्होंने छात्रों को समर्पित वैज्ञानिक बनने और अपनी प्रतिभा व मेहनत से भारत को विश्व पटल पर और चमकदार बनाने का आह्वान किया।
समारोह के दौरान स्वतंत्रता भवन सभागार के बाहर छात्रों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न वैज्ञानिक मॉडल और पोस्टरों की प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसमें बच्चों ने अपनी रचनात्मकता और वैज्ञानिक सोच का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में 150 से अधिक स्कूलों के लगभग 15,000 छात्र-छात्राएं तीन दिनों तक भाग लेंगे। इस दौरान विभिन्न प्रतियोगिताएं, कार्यशालाएं और वैज्ञानिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
ए.एस. किरण कुमार ने अपने संबोधन में जोर दिया कि आज के छात्र कल के वैज्ञानिक और तकनीकी नेता होंगे, इसलिए उन्हें अभी से तैयार होने की जरूरत है।
यह कार्यक्रम बीएचयू और आईआईटी (बीएचयू) द्वारा युवा पीढ़ी में विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाने और उन्हें प्रेरित करने की दिशा में एक सराहनीय प्रयास है।

