बरेका में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर भव्य समारोह, नारी शक्ति को सलाम
वाराणसी (जनवार्ता) । बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर गुरुवार को बरेका सिनेमा हॉल में एक भव्य सांस्कृतिक एवं महिला सशक्तिकरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं की उपलब्धियों को सम्मानित करना और समाज, रेलवे तथा राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को रेखांकित करना था।


समारोह की शुरुआत मुख्य अतिथि बरेका महिला कल्याण संगठन की उपाध्यक्षा श्रीमती गौरी श्रीवास्तव को पौधा भेंट कर सम्मानित करने के साथ हुई। वरिष्ठ मंडल चिकित्सा अधिकारी डॉ. मधुलिका सिंह ने यह सम्मान प्रदान किया। इसके बाद मुख्य अतिथि, महिला कल्याण संगठन की पदाधिकारियों और अतिथियों ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

अपने संबोधन में श्रीमती गौरी श्रीवास्तव ने कहा, “महिलाएं आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा, परिश्रम और दृढ़ संकल्प से नई ऊँचाइयाँ छू रही हैं। राष्ट्र और समाज के सशक्त निर्माण में उनकी भूमिका अपरिहार्य है।”
इस अवसर पर 1 मार्च 2026 से 28 फरवरी 2027 के बीच सेवानिवृत्त होने वाली महिला कर्मचारियों को अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में समाज सेविका एवं ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ की पूर्व अध्यक्षा डॉ. रचना अग्रवाल तथा डॉ. मधुलिका सिंह ने महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य, शिक्षा और आत्मनिर्भरता पर विचार व्यक्त किए।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह को खास बनाया। श्रीमती पूजा चौधरी के निर्देशन में कुमारी खुशी शर्मा का भावनृत्य ‘शिव वंदना’, श्रीमती करुणा सिंह की कविता, तथा श्रीमती निशा, दीप्ति गुप्ता और नीतू जैसवार के गीतों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। नारी सशक्तिकरण पर आधारित लघु नाटक और समूह होली नृत्य ने भी कार्यक्रम में चार चाँद लगा दिए।
समारोह में महिला कल्याण संगठन की वरिष्ठ कार्यकारी सदस्य गुरमीत कौर, कोषाध्यक्ष श्वेता श्रीवास्तव, सचिव ऋतिका सिंह, मीनाक्षी सिंह, अनुजा खरे सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहीं।
कार्यक्रम में सहायक कार्मिक अधिकारी राम प्रवेश यादव, पीयूष मिंज, जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार, कर्मचारी परिषद के संयुक्त सचिव प्रदीप कुमार यादव एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।
कार्यक्रम का सुंदर संचालन श्रीमती करुणा सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन सहायक कार्मिक अधिकारी पीयूष मिंज ने प्रस्तुत किया।

