जीआरपी ने तीन गुमशुदा नाबालिग बालिकाओं को किया बरामद
वाराणसी (जनवार्ता)। ऑपरेशन मुस्कान के तहत जीआरपी कैंट वाराणसी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घर से नाराज होकर वाराणसी रेलवे स्टेशन पहुंची तीन गुमशुदा नाबालिग बालिकाओं को सकुशल बरामद कर लिया। तीनों बालिकाओं को आवश्यक कार्रवाई के बाद संबंधित थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

पुलिस के अनुसार, थाना कादीपुर, जनपद सुल्तानपुर से सूचना मिली थी कि ग्राम कदियावां (कादीपुर खुर्द) निवासी तीन नाबालिग बालिकाएं घर से नाराज होकर रेलवे स्टेशन वाराणसी चली गई हैं। सूचना मिलते ही जीआरपी कैंट प्रभारी निरीक्षक रजोल नागर के निर्देशन में पुलिस टीम गठित कर बालिकाओं की तलाश शुरू की गई।
जीआरपी टीम ने कैंट रेलवे स्टेशन के विभिन्न प्लेटफार्मों, प्रतीक्षालयों, प्रवेश एवं निकास द्वारों तथा अन्य संभावित स्थानों पर सघन चेकिंग की। इसके साथ ही स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर बालिकाओं की तलाश एवं निगरानी की गई।
सघन खोजबीन के दौरान प्लेटफॉर्म नंबर-9 पर तीन बालिकाएं संदिग्ध अवस्था में दिखाई दीं। पुलिस टीम ने उन्हें सुरक्षित स्थान पर ले जाकर पूछताछ की। पूछताछ में उनकी पहचान किरन निषाद (13), खुशी निषाद (11) और नेहा निषाद (10) के रूप में हुई। पहचान की पुष्टि होने के बाद तीनों को पुलिस संरक्षण में जीआरपी कैंट थाना लाया गया।
इसके बाद थाना कादीपुर के प्रभारी निरीक्षक से संपर्क कर घटना की जानकारी दी गई। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक जीआरपी कैंट पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद तीनों नाबालिग बालिकाओं को उनके सुपुर्द कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, त्वरित कार्रवाई, सतर्कता और सीसीटीवी निगरानी के माध्यम से तीनों बालिकाओं को सकुशल बरामद किया गया। कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक रजोल नागर, उपनिरीक्षक सुखवीर सिंह, मुख्य आरक्षी राम अवध गौतम, मुख्य आरक्षी अनुरोध कुमार और आरक्षी इन्द्रजीत शामिल रहे।

