श्रावण मास और स्वतंत्रता दिवस को लेकर कैंट रेलवे स्टेशन पर सघन चेकिंग
वाराणसी (जनवार्ता)। श्रावण मास और आगामी स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर जीआरपी कैंट पुलिस ने गुरुवार को वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सघन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान पुलिस महानिदेशक रेलवे उत्तर प्रदेश के निर्देश एवं पुलिस उपाधीक्षक रेलवे वाराणसी के निर्देशन में चलाया गया।


जीआरपी निरीक्षक ने हमराही पुलिस बल, आरपीएफ निरीक्षक व जवानों, पीएसी, बीडीडीएस तथा डॉग स्क्वायड टीम के साथ संयुक्त रूप से स्टेशन परिसर की जांच की। इस दौरान पार्सल घर, यात्री प्रतीक्षालय, आरक्षण हॉल, फुट ओवरब्रिज, वाहन स्टैंड, सर्कुलेटिंग एरिया, प्लेटफॉर्म और ट्रेनों में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वस्तुओं की सघन तलाशी ली गई।

चेकिंग के दौरान स्टेशन परिसर में अनधिकृत रूप से रुके लोगों को हटाया गया। पुलिस टीम ने कांवरियों और यात्रियों को जागरूक करते हुए किसी अनजान व्यक्ति द्वारा दी गई खाद्य या अन्य वस्तु का सेवन न करने की अपील की। साथ ही आपात स्थिति में तत्काल रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139, जीआरपी या आरपीएफ को सूचना देने के लिए भी जागरूक किया गया।
पुलिस के अनुसार चेकिंग अभियान के दौरान स्थिति सामान्य एवं शांतिपूर्ण रही। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्टेशन परिसर में सतर्कता बढ़ाई गई है।

