संयुक्त निदेशक ने किया राजकीय कृषि बीज गोदाम का निरीक्षण
पूसा 32 सरसों की फसल से जताई प्रसन्नता
वाराणसी (जनवार्ता) । कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक शैलेन्द्र कुमार ने मंगलवार को वाराणसी स्थित राजकीय कृषि बीज गोदाम का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गोदाम की समग्र व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी ली और रबी सीजन की तैयारियों की सराहना की।

गोदाम प्रभारी अमरजीत पटेल ने संयुक्त निदेशक का स्वागत करते हुए बताया कि रबी-2025 में प्राप्त सभी प्रकार के बीजों तथा मिनी किटों का वितरण पूर्ण रूप से किया जा चुका है। किसानों के हित को ध्यान में रखते हुए गोदाम से निरंतर आवश्यक सेवाएं प्रदान की जा रही हैं, जिससे किसान समय पर उच्च गुणवत्ता वाले बीज प्राप्त कर सकें। संयुक्त निदेशक ने गोदाम की साफ-सफाई, बीज भंडारण एवं वितरण व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया।
इसके पश्चात् संयुक्त निदेशक शैलेन्द्र कुमार एनएफएसएम (राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन) योजना के अंतर्गत सकल पद्धति से विकसित गेहूं प्रदर्शन (डीबीडब्ल्यू-303) के खेत का दौरा करने पहुंचे। यहां ग्राम मेंहदीगंज (विकास खण्ड आराजी लाइन) में कृषक सरपत्ती देवी एवं उनके पति राम चन्दर के खेत में पूसा 32 सरसों की फसल का निरीक्षण किया।
पूसा 32 सरसों एक उन्नत किस्म है, जिसमें तेल की मात्रा लगभग 38% होती है, इरुसिक एसिड की मात्रा 2% से कम (स्वास्थ्य के लिए लाभकारी), तथा औसत उपज 27 क्विंटल प्रति हेक्टेयर तक प्राप्त होती है। यह समय पर बुआई वाली सिंचित स्थितियों के लिए उपयुक्त है तथा पकने में 132-145 दिन लगते हैं। संयुक्त निदेशक ने फसल की समृद्धि, अच्छी वृद्धि एवं स्वस्थ पौधों को देखकर प्रसन्नता व्यक्त की तथा किसान दंपति को बेहतर प्रबंधन के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि ऐसी उन्नत किस्मों का उपयोग किसानों की आय बढ़ाने एवं तेल उत्पादन में आत्मनिर्भरता लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
यह निरीक्षण कृषि विभाग की सक्रियता एवं किसान कल्याण के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। विभाग द्वारा रबी अभियान के तहत उच्च गुणवत्ता वाले बीजों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है, जिससे वाराणसी के किसान अच्छी फसल प्राप्त कर सकें।

