एक-दो महीने में पूरी होंगी काशी की लंबित विकास परियोजनाएं
गंजारी स्टेडियम, रोपवे, एयरपोर्ट विस्तार और रिंग रोड परियोजनाओं को समयबद्ध पूरा करने का लक्ष्य
वाराणसी (जनवार्ता)। नवागत मंडलायुक्त के. विजयेंद्र पांडियन ने बुधवार को वाराणसी मंडल का कार्यभार ग्रहण करने के बाद पत्रकारों से बातचीत में काशी की लंबित विकास परियोजनाओं को लेकर अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कीं। उन्होंने कहा कि शहर में चल रही महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं को अगले एक-दो महीने में पूरा कराने का लक्ष्य है। इसके बाद इन परियोजनाओं का लोकार्पण कराया जाएगा। गंजारी स्टेडियम, रोपवे, एयरपोर्ट विस्तार और रिंग रोड सहित अन्य महत्वपूर्ण परियोजनाओं को तेजी से पूरा कराने के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित किया जाएगा। परियोजनाओं के लोकार्पण की तिथियां भी जल्द घोषित की जाएंगी।

मंडलायुक्त ने कहा कि बनारस पूर्वांचल की राजधानी के रूप में तेजी से उभर रहा है। यहां उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के साथ ही आसपास के राज्यों और देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु एवं पर्यटक आते हैं। ऐसे में काशी की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाना प्रशासन की प्राथमिकता होगी। शहर की सफाई व्यवस्था, घाटों की स्वच्छता, आवागमन, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत किया जाएगा, ताकि स्थानीय नागरिकों के साथ बाहर से आने वाले लोगों को भी बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
देव दीपावली पर बढ़ेगी दीपों की संख्या, लेजर-ड्रोन शो होंगे खास आकर्षण
आगामी देव दीपावली को लेकर मंडलायुक्त ने कहा कि इस बार आयोजन को पहले से अधिक भव्य और आकर्षक बनाने की तैयारी है। गंगा घाटों पर दीपों की संख्या बढ़ाई जाएगी। इसके साथ ही लेजर शो और ड्रोन शो भी आयोजन के प्रमुख आकर्षण होंगे। देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पार्किंग, यातायात संचालन और साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने बताया कि देव दीपावली पर भारत सरकार के एक बड़े वीआईपी सहित प्रदेश सरकार के कई वरिष्ठ अतिथियों के आने की संभावना है। हालांकि, अतिथियों की औपचारिक सूची अभी अंतिम रूप से तय की जा रही है।
काशी तमिल संगमम की मुख्य थीम होगी तिरुक्कुरल
मंडलायुक्त ने बताया कि 28 नवंबर से 12 दिसंबर तक काशी तमिल संगमम के पांचवें संस्करण का आयोजन किया जाएगा। इस बार आयोजन की मुख्य थीम तमिल के प्राचीन ग्रंथ ‘तिरुक्कुरल’ पर आधारित होगी। लगभग दो हजार वर्ष पुराने इस महत्वपूर्ण ग्रंथ की विचारधारा, साहित्यिक विरासत और संदेश को व्यापक स्तर पर प्रचारित-प्रसारित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पिछले चार संस्करणों की तुलना में इस बार आयोजन में नए प्रयोग और नवाचार किए जाएंगे।
मंडलायुक्त ने कहा कि काशी की सांस्कृतिक, धार्मिक और विकास संबंधी पहचान को और मजबूत करने के लिए प्रशासन लगातार प्रयास करेगा। विकास परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा में पूरा कराने के साथ ही प्रमुख आयोजनों के दौरान श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता रहेगी।

