वाराणसी स्नातक सीट से केदारनाथ सिंह और शिक्षक सीट से डॉ. प्रमोद मिश्रा भाजपा प्रत्याशी
विधान परिषद चुनाव के लिए अधिसूचना जारी, नामांकन प्रक्रिया शुरू
वाराणसी (जनवार्ता)। भारतीय जनता पार्टी ने विधान परिषद चुनाव के लिए वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों से अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। पार्टी ने वाराणसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से केदारनाथ सिंह तथा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से डॉ. प्रमोद मिश्रा को प्रत्याशी बनाया है।

भाजपा के राष्ट्रीय मुख्यालय प्रभारी एवं राज्यसभा सदस्य तरुण चुग की ओर से जारी पत्र में दोनों प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की गई। इसके साथ ही प्रदेश के कुल छह विधान परिषद प्रत्याशियों के नाम घोषित किए गए हैं।
इधर, वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के चुनाव के लिए मंगलवार को अधिसूचना जारी होने के साथ ही नामांकन प्रक्रिया भी शुरू हो गई। निर्वाचन अधिकारी एवं मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने सुबह 11 बजे अधिसूचना जारी कर नामांकन प्रक्रिया का शुभारंभ किया।
नामांकन प्रक्रिया के पहले दिन दोपहर एक बजे तक चार प्रत्याशियों ने चालान का पैसा जमा कर नामांकन पत्र प्राप्त किया। इनमें तीन प्रत्याशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र और एक शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से संबंधित हैं। इसके अलावा 17 उम्मीदवारों ने चालान पत्र लिया, जिनमें 13 स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के उम्मीदवार शामिल हैं।
भाजपा द्वारा प्रत्याशियों की घोषणा के बाद वाराणसी में चुनावी गतिविधियां तेज होने की संभावना है। पार्टी कार्यकर्ताओं ने दोनों प्रत्याशियों के समर्थन में तैयारियां शुरू कर दी हैं। आगामी दिनों में नामांकन और चुनाव प्रचार को लेकर राजनीतिक सरगर्मी और बढ़ने की उम्मीद है।

