वाराणसी के नए अपर पुलिस आयुक्त बने किरीट कुमार राठौर

वाराणसी के नए अपर पुलिस आयुक्त बने किरीट कुमार राठौर

वाराणसी । उत्तर प्रदेश शासन ने 2010 बैच के आईपीएस अधिकारी राठौर किरीट कुमार हरिभाई को वाराणसी का नया अपर पुलिस आयुक्त नियुक्त किया है। इससे पहले वह लखनऊ में पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी), पीएसी सेक्टर के पद पर तैनात थे। सिविल इंजीनियरिंग से करियर शुरू करने वाले किरीट कुमार हरिभाई ने वर्ष 2001 के गुजरात भूकंप के बाद समाजसेवा की प्रेरणा से सिविल सेवा में आने का निर्णय लिया था।

rajeshswari

गुजरात के सुरेंद्रनगर जिले के मूली तालुका स्थित कलमाद गांव में 19 मई 1979 को जन्मे किरीट कुमार हरिभाई के माता-पिता प्राथमिक शिक्षक थे। उन्होंने मोरबी के एलई इंजीनियरिंग कॉलेज से सिविल इंजीनियरिंग में बीई और वडोदरा से ट्रांसपोर्टेशन इंजीनियरिंग में एमई की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद निजी कंपनियों में रेलवे पुल निर्माण और भुज सिंचाई विभाग में सहायक अभियंता के रूप में काम किया।

26 जनवरी 2001 को गुजरात में आए विनाशकारी भूकंप के दौरान राहत एवं पुनर्वास कार्यों में जुटे अधिकारियों के प्रयासों से प्रभावित होकर उन्होंने सिविल सेवा में जाने का फैसला किया। यूपीएससी परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद वह 20 दिसंबर 2010 को भारतीय पुलिस सेवा में शामिल हुए।

कई जिलों में निभा चुके हैं अहम जिम्मेदारी

उत्तर प्रदेश कैडर के आईपीएस अधिकारी किरीट कुमार हरिभाई कन्नौज, सोनभद्र और पीलीभीत में पुलिस अधीक्षक के पद पर सेवाएं दे चुके हैं। इसके अलावा आगरा में क्षेत्रीय खुफिया विभाग के पुलिस अधीक्षक और लखनऊ में विशेष जांच दल (एसआईटी) में भी जिम्मेदारी संभाली। वह पीएसी की 35वीं वाहिनी के सेनानायक भी रहे। एक जनवरी 2024 को उन्हें डीआईजी पद पर पदोन्नति मिली थी।

इसे भी पढ़े   सरफिरा आशिक ने पहले प्रेमिका को मारा गोली, फिर खुद को उड़ाया

उत्कृष्ट सेवाओं के लिए उन्हें 26 जनवरी 2023 को डीजीपी कमेंडेशन डिस्क (सिल्वर) और 15 अगस्त 2023 को डीजीपी कमेंडेशन डिस्क (गोल्ड) से सम्मानित किया गया।

साइबर ठगों ने की थी डिजिटल अरेस्ट की कोशिश

वर्ष 2024 में किरीट कुमार हरिभाई उस समय चर्चा में आए थे, जब साइबर ठगों ने कथित तौर पर उन्हें डिजिटल अरेस्ट करने की कोशिश की थी। खबरों के अनुसार, ठगों ने खुद को जम्मू-कश्मीर पुलिस का अधिकारी बताकर उन्हें धमकाने का प्रयास किया। उन्होंने ठगी की कोशिश को भांप लिया और पुलिस में शिकायत दर्ज कराकर कार्रवाई कराई।

काशी में कानून-व्यवस्था की होगी अहम जिम्मेदारी

वाराणसी के नए अपर पुलिस आयुक्त के रूप में किरीट कुमार हरिभाई के सामने कानून-व्यवस्था बनाए रखने, यातायात प्रबंधन को बेहतर करने और साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण जैसी अहम जिम्मेदारियां होंगी। उनके प्रशासनिक अनुभव का लाभ शहर की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिसिंग को बेहतर बनाने में मिलने की उम्मीद है।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *