मिर्जामुराद में ट्रक की टक्कर से महिला की मौत
हाईवे और रिंग रोड पर जाम
वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के रखौना गांव के पास प्रयागराज-वाराणसी नेशनल हाईवे पर शनिवार दोपहर तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक सवार महिला की मौत हो गई, जबकि उनके पिता घायल हो गए। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर प्रयागराज की ओर फरार हो गया। महिला की मौत से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने हाईवे पर शव रखकर जाम लगा दिया। स्थिति को संभालने के लिए तीन थानों की पुलिस फोर्स तैनात करनी पड़ी।

जानकारी के अनुसार, चकिया निगतपुर निवासी गुलाब कुमार अपनी 32 वर्षीय बेटी सोनी देवी, पत्नी जितेंद्र कुमार, के साथ वाराणसी के एक अस्पताल में भर्ती अपनी बहू सोना का हालचाल लेने आए थे। शनिवार दोपहर करीब तीन बजे दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान रखौना गांव के पास पीछे से आए एक तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से सोनी देवी सड़क पर गिर गईं और ट्रक की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में उनके पिता गुलाब कुमार भी घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायल गुलाब कुमार को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने की तैयारी कर रही थी, तभी आक्रोशित लोगों ने शव को पुलिस की गाड़ी से उतारकर नेशनल हाईवे पर रख दिया और जाम लगा दिया। इसके बाद रिंग रोड पर भी आवागमन बाधित होने की सूचना मिली।
मौके पर जुटी भीड़ के बीच पुलिस और परिजनों के बीच नोकझोंक भी हुई। स्थिति को देखते हुए तीन थानों की पुलिस फोर्स तैनात की गई। खबर के अनुसार, हाईवे पर करीब पांच किलोमीटर तक वाहनों की कतार लग गई, जिससे राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। परिजन हादसे के जिम्मेदार ट्रक चालक की पहचान कर कार्रवाई करने की मांग कर रहे थे।
बताया गया कि सोनी देवी के पति जितेंद्र कुमार सऊदी अरब में काम करते हैं। उनकी शादी करीब तीन वर्ष पहले हुई थी और उनका पांच माह का एक बच्चा है। मां की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
पुलिस हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर फरार ट्रक और उसके चालक की पहचान करने में जुटी है। पुलिस के अनुसार, तहरीर मिलने के बाद मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

