मदनपुरा का वीडियो वायरल, सफाई व्यवस्था पर सवाल

मदनपुरा का वीडियो वायरल, सफाई व्यवस्था पर सवाल

वाराणसी (जनवार्ता)। बकरीद के बाद शहर के मदनपुरा क्षेत्र का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में सड़क किनारे बड़े-बड़े गठ्ठरों में कुर्बानी के अवशेष दिखाई दे रहे हैं, जिसे लेकर नगर निगम की सफाई व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। सोशल मीडिया पर वीडियो को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
बताया जा रहा है कि वीडियो उस मार्ग का है, जो लंका से गोदौलिया होते हुए श्री काशी विश्वनाथ धाम के गेट नंबर-1 और गेट नंबर-4 की ओर जाता है। वीडियो बनाने वाले इन्फ्लुएंसर ने दावा किया है कि यह स्थान श्री काशी विश्वनाथ मंदिर से करीब डेढ़ किलोमीटर की दूरी पर स्थित है।
हालांकि, वीडियो को ध्यान से देखने पर नगर निगम के कर्मचारी अवशेषों को एकत्रित करते हुए भी नजर आ रहे हैं। जानकारी के अनुसार, बकरीद के दौरान शहर के विभिन्न इलाकों से कुर्बानी के अवशेषों को नगर निगम द्वारा इसी तरह इकट्ठा कर बड़े वाहनों के जरिए शहर से बाहर डिस्पोज किया जाता है।
वीडियो वायरल होने के बाद कुछ लोगों ने सफाई व्यवस्था पर नाराजगी जताई, वहीं कई लोगों का कहना है कि अधूरी जानकारी के साथ वीडियो प्रसारित किए जाने से भ्रम की स्थिति पैदा हो रही है। नागरिकों का मानना है कि ऐसे दृश्य शहर की छवि को प्रभावित करते हैं और नगर निगम को सफाई व्यवस्था को और प्रभावी बनाने की जरूरत है।
उधर, नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि कुर्बानी के अवशेषों को समयबद्ध तरीके से हटाने का कार्य लगातार किया जा रहा है और सफाई व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरती जा रही है। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि भविष्य में ऐसी स्थिति न बने, इसके लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
फिलहाल यह मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग नगर निगम की कार्यप्रणाली को लेकर अपनी-अपनी राय व्यक्त कर रहे हैं।

rajeshswari
इसे भी पढ़े   छठ पर्व : पूर्वोत्तर रेलवे यात्रियों की सुविधा के लिए चला रहा विशेष ट्रेनें
Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *