बाबा कालभैरव मंदिर में तीर्थयात्रियों से मारपीट, तीन आरोपी गिरफ्तार
वाराणसी (जनवार्ता) । बाबा कालभैरव मंदिर में दर्शन करने आए गुजरात के श्रद्धालुओं के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमित यादव, अमन शर्मा और रजनीश यादव के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार गुजरात के नवसारी निवासी मुकेश भाई पटेल अपने परिवार के साथ शनिवार को बाबा कालभैरव मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए पहुंचे थे। दर्शन के दौरान परिवार के सदस्य कतार में खड़े थे, तभी कुछ युवकों ने बैरिकेडिंग बंद कर दी, जिससे परिवार के सदस्य अलग-अलग हो गए। आरोप है कि मुकेश भाई द्वारा परिवार को साथ जाने देने की बात कहने पर युवकों ने अभद्रता शुरू कर दी।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि घटना का वीडियो बनाए जाने पर आरोपियों ने उनके वृद्ध पिता को धक्का देकर मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचीं उनकी मां के साथ भी दुर्व्यवहार किया गया। विरोध करने पर परिवार के अन्य सदस्यों के साथ भी हाथापाई की गई। पीड़ित यश पटेल ने आरोप लगाया कि उसके साथ मारपीट कर गला दबाने की भी कोशिश की गई।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई। कोतवाली पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। मामले में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इस संबंध में डीसीपी काशी जोन ने बताया कि श्रद्धालुओं के साथ मारपीट की घटना को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की गई है और तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

