खसरा-रूबेला उन्मूलन विशेष एमआर टीकाकरण अभियान 16 फरवरी से
वाराणसी (जनवार्ता) : जिले में खसरा-रूबेला (एमआर) रोग के उन्मूलन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए विशेष एमआर टीकाकरण अभियान 16 से 27 फरवरी 2026 तक संचालित किया जाएगा। इस अभियान के तहत करीब 3.60 लाख बच्चों को एमआर (खसरा-रूबेला) का टीका लगाया जाएगा।


शनिवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी सभागार में मीडिया संवेदीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधियों को अभियान की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई तथा जनजागरूकता फैलाने में सक्रिय सहयोग की अपील की गई।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ एस एस कनौजिया ने बताया कि खसरा एक अत्यंत संक्रामक वायरल बीमारी है, जो तेज बुखार, दाने, निमोनिया, डायरिया तथा कुपोषण जैसी गंभीर जटिलताओं का कारण बन सकती है और कई मामलों में मृत्यु भी हो सकती है। वहीं रूबेला संक्रमण गर्भवती महिलाओं में होने पर भ्रूण में जन्मजात विकृतियां उत्पन्न कर सकता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि एमआर टीका पूरी तरह सुरक्षित, प्रभावी तथा गुणवत्ता परीक्षित है और यह निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा।
रूटीन टीकाकरण कार्यक्रम के अंतर्गत 9 से 12 महीने तथा 16 से 24 महीने के बच्चों को एमआर टीका लगाया जाता है। इस विशेष अभियान के दौरान कक्षा 1 से कक्षा 5 तक के सभी सरकारी, निजी विद्यालयों तथा मदरसों में पढ़ने वाले बच्चों (लगभग 5 से 10 वर्ष आयु वर्ग) को अतिरिक्त खुराक (बूस्टर डोज) दी जाएगी, ताकि कोई भी बच्चा टीकाकरण से वंचित न रहे।
जिले में कुल 2871 विद्यालय हैं, जिनमें 1145 सरकारी विद्यालयों में 1,13,047 छात्र, 108 मदरसों में 20,560 छात्र तथा 1618 निजी विद्यालयों में 1,82,393 छात्र शामिल हैं। स्कूल-आधारित सत्रों के माध्यम से अधिकतम कवरेज सुनिश्चित किया जाएगा और आवश्यकता पड़ने पर छूटे हुए बच्चों को भी कवर किया जाएगा।
कार्यक्रम में मीडिया प्रतिनिधियों से अपील की गई कि वे अभियान से संबंधित सही तथा सकारात्मक जानकारी जन-जन तक पहुंचाएं, जिससे भारत के राष्ट्रीय लक्ष्य—2026 तक खसरा और रूबेला का पूर्ण उन्मूलन—प्राप्त किया जा सके। अभिभावकों, विद्यालय प्रबंधन तथा जनप्रतिनिधियों से भी बच्चों का टीकाकरण कराने में सक्रिय सहयोग की अपील की गई है।
इस अवसर पर जिला स्वास्थ्य शिक्षा एवं सूचना अधिकारी, यूनिसेफ प्रतिनिधि प्रदीप विश्वकर्मा, जेएसआई के डॉ शाहिद, मणिशंकर, गुरदीप कौर सहित कई मीडिया कर्मी उपस्थित रहे।
स्वास्थ्य विभाग की अपील है कि अभिभावक अपने बच्चों को इस अभियान में अवश्य शामिल कराएं और उन्हें खसरा-रूबेला जैसी खतरनाक बीमारियों से सुरक्षित रखें।

