पैगंबरपुर पटाखा विस्फोट स्थल पर पहुंचे मंत्री रविंद्र जायसवाल
लिया नुकसान का जायजा
वाराणसी (जनवार्ता)। उत्तर प्रदेश सरकार के स्टाम्प एवं न्यायालय शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविंद्र जायसवाल ने शनिवार को सारनाथ थाना क्षेत्र के पैगंबरपुर में अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट के घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने घटना से हुए नुकसान का जायजा लिया और संबंधित परिस्थितियों की जानकारी प्राप्त की।

गौरतलब है कि पैगंबरपुर में अवैध रूप से पटाखे बनाने के दौरान हुए भीषण विस्फोट में एक मकान ढह गया था, जबकि आसपास के कई घरों को भी भारी नुकसान पहुंचा था। इस घटना में भाजपा महिला मोर्चा की नेत्री चंद्रकला के आवास को भी क्षति पहुंची थी। विस्फोट के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया था।
निरीक्षण के दौरान मंत्री रविंद्र जायसवाल ने मुख्य आरोपी राजू खान को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार करने और उसके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की दिशा में पुलिस प्रशासन की तत्परता की सराहना की। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिया कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
मंत्री ने कहा कि अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से घटना के संबंध में जानकारी लेते हुए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक कार्रवाई पर जोर दिया।
इस दौरान भाजपा उत्तरी विधानसभा संयोजक अरविंद सिंह, पूर्व कुलपति प्रो. जीसी जायसवाल, भाजपा मंडल अध्यक्ष दिलीप चौहान एवं अतुल सिंह, पूर्व मंडल अध्यक्ष कमलेश सोनकर एवं रतन कुमार मौर्य, पार्षद राजेंद्र मौर्य, जितेंद्र कुशवाहा और अभय पांडेय सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

