मिशन शक्ति 5.0′ : पुलिस ने बसंता महिला महाविद्यालय में लगाया चौपाल
वाराणसी : ‘मिशन शक्ति 5.0’ अभियान के अंतर्गत थाना आदमपुर की मिशन शक्ति टीम द्वारा गुरुवार को बसंता महिला महाविद्यालय, राजघाट में महिलाओं और छात्राओं के लिए जागरूकता चौपाल का आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, आत्मनिर्भरता एवं अधिकारों के प्रति जागरूक करना रहा। पुलिस टीम ने छात्राओं को बताया कि किस प्रकार वे अपनी सुरक्षा के लिए कानून द्वारा प्रदत्त अधिकारों का उपयोग कर सकती हैं और किसी भी प्रकार की परेशानी की स्थिति में तुरंत सहायता प्राप्त कर सकती हैं।
अभियान के दौरान प्रतिभागियों को महिला शक्ति केंद्र की भूमिका के बारे में जानकारी दी गई। बताया गया कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर वे थानों पर स्थापित महिला शक्ति केंद्र से संपर्क कर सकती हैं। साथ ही उन्हें वूमेन पावर लाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181, आपातकालीन सेवा 112, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, स्वास्थ्य सेवा 102, एम्बुलेंस सेवा 108 तथा साइबर हेल्पलाइन 1930 जैसे महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई।
पुलिस टीम ने उपस्थित छात्राओं को साइबर अपराध से बचाव, महिलाओं से संबंधित प्रचलित कानूनों तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम में छात्राओं ने भी सक्रिय रूप से प्रश्न पूछे और मिशन शक्ति टीम से संवाद किया।
कार्यक्रम में शामिल पुलिस टीम में म0उ0नि0 नेहा नायक, उ0नि0 अजीत मौर्य, हे0का0 हरेन्द्र यादव और म0का0 चांदनी सोनकर शामिल रहे।