वाराणसी में धूमधाम से मनाया गया ‘नवरात्रि शुभारंभ डांडिया महोत्सव 7.0’, डांडिया की धुन पर झूमे लोग
वाराणसी (जनवार्ता)। धर्म और संस्कृति की नगरी काशी में नवरात्रि के उत्साह के बीच ‘नवरात्रि शुभारंभ डांडिया महोत्सव 7.0’ का भव्य आयोजन किया गया। शुक्रवार, 16 अक्टूबर 2026 को महमूरगंज स्थित मॉलिक्यूल के सामने तुलसी उद्यान में आयोजित इस कार्यक्रम में लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। रंग-बिरंगे परिधानों, संगीत और डांडिया की थाप ने पूरे आयोजन को उत्सव के रंग में रंग दिया।


इस भव्य कार्यक्रम का आयोजन निशांत के नेतृत्व में वेडलॉक इवेंट्स द्वारा किया गया, जबकि जनवार्ता न्यूज़ मीडिया पार्टनर रहा। कार्यक्रम में लाइव बैंड और पंजाबी ढोल की धुन पर लोगों ने जमकर डांडिया और गरबा किया। आयोजन स्थल पर सेल्फी कॉर्नर, प्रोफेशनल फोटोग्राफी और खाने-पीने के स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र रहे। प्रतिभागियों को डांडिया स्टिक भी निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं।

महोत्सव में प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाने के लिए डांडिया किंग और क्वीन, बेस्ट ड्रेस्ड कपल, बेस्ट ड्रेस्ड वुमन और बेस्ट ड्रेस्ड किड जैसी विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार रखे गए। इसके साथ ही थीम किंग और क्वीन के लिए भी विशेष उपहारों की व्यवस्था की गई। कार्यक्रम में शानदार स्टेज परफॉर्मेंस देने वाले कलाकारों को भी उनकी प्रस्तुति के लिए सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) के सदस्य अम्बरीश सिंह ‘भोला’ ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए भारतीय संस्कृति, परंपराओं और त्योहारों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने ऐसे आयोजनों को सामाजिक एकता और सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने का माध्यम बताया।
पूरे आयोजन के दौरान उत्साह और उमंग का माहौल बना रहा। डांडिया, संगीत और आकर्षक प्रस्तुतियों से सजी इस शाम ने प्रतिभागियों के लिए यादगार अनुभव बनाया। ‘नवरात्रि शुभारंभ डांडिया महोत्सव 7.0’ ने काशी में त्योहारों की रौनक को और बढ़ा दिया।

