एयर शो के दौरान काशी विश्वनाथ धाम में श्रावण सोमवार जैसी व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन पर जोर
वाराणसी (जनवार्ता)। आगामी 22, 24 और 25 अक्टूबर को होने वाले एयर शो के मद्देनजर काशी विश्वनाथ धाम में श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को धाम के सभागार में मुख्य कार्यपालक अधिकारी सत्यम मिश्र की अध्यक्षता में समन्वय बैठक हुई। इसमें मंदिर प्रशासन, पुलिस और सीआरपीएफ के अधिकारियों ने भाग लिया।बैठक में निर्णय लिया गया कि भीड़ प्रबंधन के लिए श्रावण मास के सोमवार की तर्ज पर विशेष व्यवस्था लागू की जाएगी।


इसके तहत प्रवेश और निकास मार्गों को व्यवस्थित करने, जरूरत के अनुसार बैरिकेडिंग करने और भीड़ के दबाव को नियंत्रित करने की योजना बनाई गई।इस दौरान मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम दर्शन और मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी विभागों और कार्यदायी एजेंसियों को आपसी समन्वय से जिम्मेदारियों का निर्वहन करने को कहते हुए व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी और जरूरत पड़ने पर त्वरित कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि एयर शो के दौरान दर्शनार्थियों को असुविधा न हो।

