अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर एनडीआरएफ का संदेश— ‘योग अपनाएं, स्वस्थ जीवन पाएं’
वाराणसी (जनवार्ता)। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 11वीं वाहिनी राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) मुख्यालय, चौकाघाट में रविवार को भव्य योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उप महानिरीक्षक मनोज कुमार शर्मा के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में एनडीआरएफ के अधिकारियों, जवानों एवं उनके परिजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर स्वस्थ जीवन का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का उद्देश्य आपदा प्रबंधन जैसे चुनौतीपूर्ण कार्यों में लगे बचावकर्मियों के बीच योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करना था। इस दौरान काशी हिंदू विश्वविद्यालय के योग वेलनेस सेंटर के प्रशिक्षक ऋषभ पाण्डेय एवं यश मौर्य ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास कराया।
योग दिवस के अवसर पर 11वीं वाहिनी एनडीआरएफ के बचावकर्मियों ने वाराणसी के नमो घाट और सारनाथ के अलावा गोरखपुर, लखनऊ और भोपाल में भी विभिन्न संस्थानों, सरकारी निकायों एवं विद्यालयों के विद्यार्थियों के साथ सामूहिक योगाभ्यास किया। साथ ही लोगों को नियमित योग अपनाकर स्वस्थ जीवन जीने के लिए प्रेरित किया।
उप महानिरीक्षक मनोज कुमार शर्मा ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ और सशक्त बनाने का माध्यम नहीं है, बल्कि मानसिक संतुलन, एकाग्रता और तनाव प्रबंधन में भी इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि 11वीं वाहिनी एनडीआरएफ समय-समय पर ऐसे स्वास्थ्य एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करती रहती है, जिससे कर्मियों की कार्यक्षमता, मानसिक दृढ़ता और समग्र स्वास्थ्य बेहतर बना रहे।
उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुए कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।

