खेत की बाउंड्री में मिला नवजात शिशु, इलाके में मचा हड़कंप
वाराणसी (जनवार्ता)। शिवपुर थाना क्षेत्र के सुद्धिपुर कठवतिया गांव में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक खेत की बाउंड्री में नवजात शिशु मिला। सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए और नवजात को एंबुलेंस की मदद से पंडित दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल पहुंचाया गया।

बताया गया कि सुद्धिपुर कठवतिया निवासी भूपेंद्र (पप्पू) पटेल पुत्र स्वर्गीय अलियार पटेल की बाउंड्री में बैंगन और फूल की खेती की जाती है। इसी बाउंड्री में लोगों ने नवजात शिशु को देखा। इसके बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना दी और नवजात को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की।
नवजात को खेत की बाउंड्री में किसने और किन परिस्थितियों में छोड़ा, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही नवजात को छोड़ने वाले व्यक्ति की जानकारी जुटा रही है।

