एसटीएफ-प्रयागराज और अयोध्या पुलिस की मुठभेड़ में कुख्यात बदमाश ढेर
हत्या, रंगदारी, लूट और गैंगस्टर एक्ट समेत करीब 40 आपराधिक मुकदमे थे दर्ज
अयोध्या (जनवार्ता)। उत्तर प्रदेश एसटीएफ प्रयागराज इकाई और अयोध्या पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में सोमवार तड़के दो लाख रुपये के इनामी कुख्यात अपराधी भानुii प्रताप सिंह को मुठभेड़ में मार गिराया गया। पुलिस के अनुसार भानु प्रताप सिंह पर हत्या, रंगदारी, लूट और गैंगस्टर एक्ट समेत करीब 40 आपराधिक मुकदमे दर्ज थे तथा वह लंबे समय से फरार चल रहा था।

पुलिस को सूचना मिली थी कि भानु प्रताप सिंह अपने साथियों के साथ क्षेत्र में मौजूद है। घेराबंदी के दौरान उसने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में हुई मुठभेड़ में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
मुठभेड़ स्थल से पुलिस ने अत्याधुनिक हथियार और कारतूस भी बरामद किए हैं। पुलिस अधिकारियों ने इसे संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता बताते हुए कहा कि भानु प्रताप सिंह की तलाश कई जिलों की पुलिस को थी और उस पर दो लाख रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस अब उसके आपराधिक नेटवर्क और सहयोगियों की तलाश में जुटी है। इस कार्रवाई को प्रदेश में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

