बीएचयू गेट पर युवती से छेड़छाड़, एक आरोपी गिरफ्तार
वाराणसी, (जनवार्ता)। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) कैंपस से सटे हैदराबाद गेट पर स्कॉर्पियो सवार युवकों द्वारा एक युवती से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरे आरोपी की तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार, युवती ने आरोपियों की हरकत का विरोध करते हुए घटना का वीडियो बनाया और शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुटने लगे। भीड़ बढ़ती देख आरोपी स्कॉर्पियो समेत वहां से फरार हो गए।
वीडियो वायरल होने के बाद एसीपी भेलूपुर के निर्देश पर चितईपुर थाना पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक आरोपी दीप नारायण सिंह (29), निवासी रॉबर्ट्सगंज, सोनभद्र को गिरफ्तार कर लिया। घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।
एसीपी गौरव कुमार ने बताया कि फरार दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


