रामपुर ओवरब्रिज के पास चीनी लदा ट्रक पलटा, चालक-परिचालक घायल
फूलपुर (जनवार्ता)। पिंडरा क्षेत्र में रामपुर ओवरब्रिज के पास गुरुवार तड़के चीनी से लदा एक ट्रक पलटने से चालक और परिचालक घायल हो गए। हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर सुबह करीब चार बजे हुआ, जिससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा।


जानकारी के अनुसार जौनपुर से वाराणसी की ओर आ रहा चीनी लदा ट्रक (CG 15 EA 8294) रामपुर ओवरब्रिज के निकट अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए चालक और परिचालक को ट्रक से बाहर निकाला और नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।
चिकित्सकों के अनुसार चालक की हालत खतरे से बाहर है, जबकि परिचालक के हाथ में फ्रैक्चर हुआ है। उसका उपचार जारी है।
प्राथमिक जांच में दुर्घटना की वजह तेज रफ्तार या चालक द्वारा वाहन पर नियंत्रण खोना माना जा रहा है। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और ट्रक को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

