वाराणसी: काशी विश्वनाथ मंदिर के अन्नपूर्णा रसोईघर में पीएनजी आपूर्ति शुरू
श्री काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर स्थित अन्नपूर्णा रसोईघर में पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) आपूर्ति का शुभारंभ किया गया है। यह मंदिर परिसर में पीएनजी का पहला कनेक्शन है, जिसे स्वच्छ ऊर्जा की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

GAIL (India) Limited द्वारा स्थापित इस कनेक्शन की जानकारी मंदिर न्यास के कार्यकारी अधिकारी विश्वभूषण मिश्रा ने दी। उन्होंने बताया कि कई तकनीकी और भौगोलिक चुनौतियों के बावजूद यह कार्य महज नौ दिनों के रिकॉर्ड समय में पूरा किया गया। संकरी और भीड़भाड़ वाली गलियों, भारी पैदल आवाजाही और भूमिगत सेवाओं के बीच पाइपलाइन बिछाने का कार्य सुनियोजित तरीके और सुरक्षा मानकों के पालन के साथ सफलतापूर्वक किया गया।
अन्नपूर्णा रसोईघर में प्रतिदिन लगभग 15 हजार श्रद्धालुओं के लिए भोजन तैयार किया जाता है। पहले यहां प्रतिदिन करीब 15 वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडरों (लगभग 450 सिलेंडर प्रति माह) का उपयोग होता था। अब पीएनजी आपूर्ति शुरू होने से एलपीजी पर निर्भरता पूरी तरह समाप्त हो गई है।
इस बदलाव से न केवल ईंधन प्रबंधन अधिक सुरक्षित और सुगम हुआ है, बल्कि यह पर्यावरण के अनुकूल और किफायती भी साबित होगा। मंदिर प्रशासन के अनुसार, यह पहल भविष्य में अन्य धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थलों के लिए भी एक उदाहरण बन सकती है।

