जयपुर एयरपोर्ट: अंतरराष्ट्रीय उड़ानों से कनेक्टिविटी मजबूत, मुंबई फ्लाइट पहले दिन ही रद्द
जयपुर (जनवार्ता)। खाड़ी देशों के लिए जयपुर से हवाई कनेक्टिविटी लगातार मजबूत होती जा रही है। Air India Express द्वारा शारजाह के लिए शुरू की गई नई फ्लाइट सेवा प्रवासी भारतीयों और व्यापारिक यात्रियों के लिए राहतभरी साबित हो सकती है। अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की बढ़ती संख्या से Jaipur International Airport की कनेक्टिविटी में भी उल्लेखनीय सुधार हो रहा है।

इधर, घरेलू उड़ानों में अव्यवस्था ने यात्रियों की परेशानी बढ़ा दी है। SpiceJet की जयपुर-मुंबई नई फ्लाइट पहले ही दिन रद्द कर दी गई। फ्लाइट SG-170 को गुरुवार सुबह 11:25 बजे रवाना होना था, लेकिन बिना स्पष्ट कारण बताए इसे कैंसिल कर दिया गया।
अचानक हुए रद्दीकरण से कई यात्री एयरपोर्ट पर ही फंस गए और उन्हें वैकल्पिक व्यवस्था के लिए जूझना पड़ा। एयरलाइन की ओर से अब तक कैंसिलेशन के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
एक ओर जहां अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का विस्तार हो रहा है, वहीं घरेलू सेवाओं में इस तरह की अनियमितताएं यात्रियों की चिंता बढ़ा रही हैं। यात्रियों को बेहतर और भरोसेमंद सेवा उपलब्ध कराना अब एयरलाइंस के लिए बड़ी चुनौती बनता जा रहा है।

