वाराणसी में घुसपैठियों पर पुलिस का शिकंजा
सिगरा में बड़ा सर्च ऑपरेशन

वाराणसी (जनवार्ता)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सख्त निर्देश पर पूरे उत्तर प्रदेश में अवैध रोहिंग्या और बांग्लादेशी घुसपैठियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत को सिगरा थाना क्षेत्र में जोरदार छापेमारी की। पुलिस ने एक हाते में रह रहे संदिग्ध विदेशी नागरिकों के ठिकानों पर दबिश देकर गहन तलाशी ली और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए।
एडीसीपी काशी जोन सरवन टी. के नेतृत्व में एलआईयू और सिगरा पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर दर्जनों संदिग्धों से कड़ाई से पूछताछ की। उनके कमरों, सामान और पहचान पत्रों की बारीकी से जांच की गई। चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि अधिकांश संदिग्धों के पास पश्चिम बंगाल के वीरभूम जिले के आधार कार्ड मिले, जिनकी वैधता और असली-सच्चाई पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस इन दस्तावेजों की हाईलेवल जांच करा रही है।
एडीसीपी सरवन टी. ने मीडिया को बताया, “मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार प्रदेश में एक भी अवैध घुसपैठिया को पनाह नहीं दी जाएगी। फर्जी दस्तावेजों के आधार पर कोई यहां नहीं रह सकता। सभी संदिग्धों का पूरा डाटा इकट्ठा किया जा रहा है। सत्यापन के बाद सख्त कानूनी कार्रवाई होगी।”
पुलिस ने इलाके के स्थानीय लोगों से भी घुसपैठियों के बारे में जानकारी ली और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए। यह अभियान पूरे वाराणसी कमिश्नरेट में तेजी से चल रहा है और आने वाले दिनों में कई और इलाकों में छापेमारी की जाएगी।
गौरतलब है कि पिछले कुछ महीनों में देश के कई हिस्सों से रोहिंग्या और बांग्लादेशी घुसपैठियों के फर्जी दस्तावेजों के साथ पकड़े जाने की खबरें लगातार सामने आ रही हैं। योगी सरकार ने इसे राष्ट्रीय सुरक्षा से जोड़ते हुए जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है।

