फंदे से लटकती मिली गर्भवती विवाहिता
शादी को तीन महीने भी नहीं हुए थे पूरे
वाराणसी (जनवार्ता)| लंका थाना क्षेत्र के भगवानपुर इलाके में बुधवार देर शाम एक गर्भवती विवाहिता प्रतिभा सिंह उर्फ गुंजन (23 वर्ष) का शव संदिग्ध परिस्थितियों में घर के कमरे में फंदे से लटका मिला। प्रतिभा की शादी मात्र तीन महीने पहले, 21 अप्रैल 2024 को राहुल राय से हुई थी। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतका के मायके वालों ने इस मौत को आत्महत्या नहीं बल्कि पूर्व नियोजित हत्या करार दिया है। परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। मृतका के भाई प्रिंस सिंह ने कहा कि विवाह के बाद से ही प्रतिभा को दहेज के लिए मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। उनका दावा है कि बुधवार को प्रतिभा की हत्या कर उसके शव को फांसी पर लटका दिया गया ताकि यह मामला आत्महत्या जैसा प्रतीत हो।
परिवार वालों ने यह भी कहा कि जिस पंखे से प्रतिभा का शव लटका मिला, उसकी ऊंचाई महज चार फीट थी और उसका तार पहले से ही काटा हुआ था, जिससे साफ होता है कि पंखा काम नहीं कर रहा था। मृतका की मां सीमा सिंह ने बताया कि प्रतिभा करीब डेढ़ महीने की गर्भवती थी और वह आत्महत्या जैसा कोई कदम नहीं उठा सकती थी।
घटना की जानकारी मिलने के बाद फॉरेंसिक टीम और पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे की बारीकी से जांच की गई। लंका थाना प्रभारी राजकुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की कार्रवाई रिपोर्ट आने के बाद की जाएगी। मायके पक्ष की तरफ से दी गई तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।
यह मामला एक बार फिर दहेज प्रथा और नवविवाहिताओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है। तीन महीने में ही एक बेटी की संदिग्ध हालात में मौत, और वह भी गर्भवती होने के बावजूद, समाज में महिलाओं के प्रति लगातार हो रहे अत्याचारों की तस्वीर सामने लाता है। पुलिस पर निष्पक्ष जांच करने और दोषियों को सख्त सजा दिलाने का दबाव है।