सरकारी लापरवाही से लाखों की संपत्ति आग के हवाले, जांच शुरू
वाराणसी (जनवार्ता)। शहर में एक बार फिर प्रशासनिक लापरवाही का मामला सामने आया है, जहां उत्तर प्रदेश जल निगम की अनदेखी के कारण लाखों रुपये की सरकारी संपत्ति आग की भेंट चढ़ गई। यह घटना तुलसीदास इंटर कॉलेज, अनेई बाजार के पास स्थित खाली पड़ी सरकारी जमीन पर हुई, जहां लंबे समय से पाइपलाइन सामग्री रखी हुई थी।


स्थानीय सूत्रों के अनुसार, उक्त पाइपों का उपयोग जल निगम के विभिन्न कार्यों के लिए किया जाना था, लेकिन विभागीय उदासीनता के चलते इन्हें वर्षों तक खुले में ही पड़ा रहने दिया गया। इसी दौरान अचानक भीषण आग लग गई, जिसने देखते ही देखते पूरे क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया।

आग की चपेट में पास में लगा 63 केवीए का ट्रांसफॉर्मर भी आ गया, जो पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इन सामग्रियों की देखरेख और सुरक्षा सुनिश्चित की जाती, तो इस बड़े नुकसान से बचा जा सकता था।
घटना ने प्रशासनिक कार्यप्रणाली और संसाधनों के प्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय नागरिकों ने इस घटना पर नाराजगी जताते हुए जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

