नगर निगम : सारनाथ जोन के पांडेयपुर में अवैध निर्माण पर सवालिया निशान
शिकायत के बाद भी कार्रवाई सिफर
वाराणसी (जनवार्ता)। नगर निगम सारनाथ जोन के पांडेयपुर स्थित मेंटल हॉस्पिटल रोड पर विराट नगर कॉलोनी में सार्वजनिक रास्ते की जमीन पर अवैध अतिक्रमण कर निर्माण कार्य कराया जा रहा है। स्थानीय निवासियों द्वारा मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने के बावजूद मौके पर पहुंचे इंस्पेक्टर संजय श्रीवास्तव पर गलत रिपोर्ट देने का आरोप लगा है, जबकि निर्माण कार्य बदस्तूर जारी है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि रास्ते की सरकारी जमीन पर बिना किसी अनुमति के निर्माण हो रहा है, जिससे न केवल यातायात बाधित हो रहा है बल्कि क्षेत्र की सड़क संकीर्ण होती जा रही है। शिकायतकर्ताओं ने नगर आयुक्त, सारनाथ जोनल अधिकारी और वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) को भी सूचना दी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
एक स्थानीय निवासी ने बताया, “सीएम पोर्टल पर शिकायत करने के बाद इंस्पेक्टर संजय श्रीवास्तव मौके पर आए, लेकिन उन्होंने सही तथ्यों को छुपाकर गलत रिपोर्ट लगा दी। इसके बावजूद निर्माण रुका नहीं है। प्रशासन की इस उदासीनता से आमजन में निराशा फैल रही है।”
सारनाथ जोन में हाल के दिनों में अतिक्रमण हटाने के अभियान चले हैं, लेकिन इस मामले में शिकायत के बावजूद नतीजा सिफर रहना सवाल उठा रहा है। नगर निगम और वीडीए के अधिकारियों से जब इस संबंध में प्रतिक्रिया मांगी गई तो कोई आधिकारिक बयान नहीं आया।
यह मामला सार्वजनिक भूमि पर अतिक्रमण और प्रशासनिक लापरवाही का ज्वलंत उदाहरण है। स्थानीय लोगों ने उच्चाधिकारियों से तत्काल हस्तक्षेप और अवैध निर्माण को तुरंत रोके जाने की मांग की है, ताकि क्षेत्र में यातायात और रहन-सहन सामान्य बना रहे।

