रोहनिया पुलिस ने छात्रों को साइबर सुरक्षा के प्रति किया जागरूक
वाराणसी (जनवार्ता)। रोहनिया स्थित आरएस शिवमूर्ति पब्लिक स्कूल में साइबर सुरक्षा एवं छात्र जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में रोहनिया थाने की महिला उपनिरीक्षक मानसी चौरसिया अपनी टीम के साथ विद्यालय पहुंचीं और छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध से बचाव के प्रभावी उपाय बताए।


उन्होंने छात्रों से कहा कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, अपनी निजी जानकारी किसी के साथ साझा न करें और सोशल मीडिया का जिम्मेदारी के साथ उपयोग करें। साथ ही फेक न्यूज की पहचान कर बिना सत्यापन के किसी भी सूचना को साझा नहीं करने की सलाह दी।

पुलिस टीम ने छात्रों को यह भी बताया कि स्कूल आते-जाते समय यदि किसी प्रकार की छेड़छाड़, परेशानी या संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत अपने अभिभावकों, शिक्षकों या पुलिस को इसकी सूचना दें।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रिंसिपल, डायरेक्टर, शिक्षक एवं अन्य स्टाफ मौजूद रहे। अंत में छात्रों को “सावधान रहें, सतर्क रहें और सुरक्षित रहें” का संदेश देते हुए जिम्मेदार डिजिटल नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया गया।

