डीएम के निर्देश पर खुला बंद आरआरसी सेंटर, नाला सफाई शुरू
चौबेपुर (जनवार्ता)। ग्राम सभा गरथौली में जिलाधिकारी के निर्देश के बाद पंचायती विभाग सक्रिय हो गया। सोमवार को वर्षों से बंद पड़े आरआरसी सेंटर को खोलने के साथ ही जाम नाले की सफाई का कार्य शुरू करा दिया गया। यह कार्रवाई गांव निवासी शिवकुमार उर्फ सौरभ द्वारा जिलाधिकारी को दिए गए शिकायती पत्र के बाद की गई।

शिकायत में बताया गया था कि आरआरसी सेंटर लंबे समय से बंद होने के कारण गांव का कूड़ा सड़कों और खेतों के किनारे फेंका जा रहा था। इससे मुख्य नाला जाम हो गया और गंदा पानी खेतों में भरने से किसानों की धान व गेहूं की फसल प्रभावित हो रही थी। ग्रामीणों का आरोप था कि कई बार ग्राम प्रधान, सचिव और संबंधित अधिकारियों से शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ।
जिलाधिकारी के निर्देश पर प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और जेसीबी मशीन की मदद से कूड़ाघर के आसपास जमा कचरा हटाने तथा नाले की सफाई शुरू कराई गई। इस दौरान ग्राम सचिव संजय यादव सहित पंचायत विभाग के कर्मचारी और ग्रामीण मौजूद रहे।
एडीओ पंचायत चोलापुर अशोक राजभर ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर तत्काल कार्रवाई कराई गई है। सभी ग्राम सचिवों को अपने-अपने गांवों में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने और इस प्रकार की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए गए हैं। कार्रवाई शुरू होने से ग्रामीणों ने संतोष जताते हुए उम्मीद व्यक्त की कि अब गांव में जलभराव, गंदगी और किसानों की फसलों को होने वाले नुकसान से राहत मिलेगी।

