सारनाथ पार्किंग विवाद: स्कूली बच्चों के सामने बस चालकों की बेरहमी से पिटाई, दो गंभीर घायल
वाराणसी (जनवार्ता) । कुशीनगर के एएनवीडी सीनियर सेकेंडरी स्कूल के शैक्षणिक भ्रमण पर आए लगभग 150 छात्र-छात्राओं के सामने पार्किंग शुल्क को लेकर बड़ा विवाद हो गया। ठेकेदारों के गुंडों ने दो बस चालकों और खलासी को बुरी तरह पीटा, जिसमें चालक सुनील कुमार और अशर्फी को गंभीर चोटें आईं। घटना सुहेलदेव चौराहे की है, जहां छात्राओं के शौच के लिए बस रोकी गई थी।


छात्रों के अनुसार, बस खड़ी होते ही मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्ति आए और पार्किंग शुल्क मांगने लगे। चालक सुनील ने स्कूल निदेशक के आने के बाद पैसे देने की बात कही, तो उनमें से एक ने सुनील पर हाथ उठा दिया। विरोध करने पर दूसरे चालक अशर्फी और खलासी ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसके बाद दोनों व्यक्ति मोटरसाइकिल से फरार हो गए।

कुछ देर बाद काले रंग की स्कॉर्पियो (नंबर यूपी 67 एएफ 2777) में सवार 8-10 लोग आए और चालकों व खलासी पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। बस में सवार बच्चे यह देखकर सहम गए और डर के मारे रोने लगे। इसी बीच किसी ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस देख हमलावर फरार हो गए।
घायल चालकों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। स्कूल निदेशक संपूर्णानंद द्विवेदी ने पुलिस की कार्यशैली पर असंतोष जताते हुए मामले की शिकायत उच्च अधिकारियों से करने की बात कही। सारनाथ थानाध्यक्ष पंकज त्रिपाठी ने कहा कि मामले की जांच चल रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पार्किंग ठेकेदार चंदन सिंह बताया जा रहा है। काशी में पर्यटकों की भारी आमद के कारण पार्किंग विवाद आम हो गए हैं। कुछ दिन पहले नमो घाट पर भी पर्यटकों के साथ पार्किंग संचालकों की मारपीट का मामला सामने आया था। इस घटना ने एक बार फिर पर्यटन स्थलों पर पार्किंग व्यवस्था की पोल खोल दी है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

