शिकायती पत्रों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं : सत्येंद्र कुमार
वाराणसी (जनवार्ता) । काशी की जनता की समस्याओं को सुनने और उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने शनिवार को राजातालाब तहसील सभागार में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया। इस दौरान उन्होंने विभागीय अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायती पत्रों का निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि समाधान दिवस में प्राप्त प्रकरणों में शिकायतकर्ता का पक्ष मौके पर जाकर सुना जाए और उसी आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि लोगों की शिकायतें त्वरित और संवेदनशीलता के साथ निपटाई जानी चाहिए। कई बार शिकायतकर्ता बार-बार आते हैं और कहते हैं कि उनकी सुनवाई नहीं हुई या गुणवत्ता से निस्तारण नहीं हुआ, जो पूरी तरह अस्वीकार्य है।
भूमि विवाद और अतिक्रमण से जुड़ी शिकायतों पर जिलाधिकारी ने विशेष जोर दिया। उन्होंने राजस्व अधिकारियों यानी राजस्व निरीक्षक, लेखपाल तथा पुलिस कर्मियों को मौके पर भेजकर स्थलीय निरीक्षण करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हर प्रकरण की गंभीरता से जांच हो, जबाबदेह लोगों के खिलाफ कार्रवाई हो और हर मामले में निष्पक्षता, समयबद्धता, पारदर्शिता तथा गुणवत्ता का पूरा ध्यान रखा जाए। शिकायतकर्ता का पक्ष जरूर सुना जाए और सभी तथ्यों की गहन जांच के बाद ही नियमानुसार निस्तारण किया जाए।
राजातालाब तहसील में आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 231 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। इनमें से 12 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष प्रकरणों को संबंधित विभागीय अधिकारियों को सौंपते हुए एक सप्ताह के अंदर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी, तहसीलदार, राजस्व एवं पुलिस अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

