उधारी के 30 हजार रुपये मांगने पर दुकानदार की पिटाई, मुकदमा दर्ज
मिर्जामुराद। भीखीपुर गांव के पास केआईटी कॉलेज के समीप उधारी के रुपये मांगने पर कैफे संचालकों ने एक दुकानदार की कथित तौर पर जमकर पिटाई कर दी। मारपीट में दुकानदार गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, गौर गांव निवासी शिवम कुमार गुप्ता की किराना एवं बेकरी की दुकान है। आरोप है कि केआईटी कॉलेज के समीप स्थित कैंपस कैफे के संचालक आर्यन और प्रियांशु उनकी दुकान से सामान उधार लेते थे। बुधवार की रात करीब नौ बजे शिवम ने बकाया 30 हजार रुपये मांगे तो दोनों कथित तौर पर गाली-गलौज करने लगे। इसके बाद मारपीट करते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी दी।
आरोप है कि मारपीट में शिवम के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं। घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर घटना की जांच की जा रही है।

