एक सप्ताह से टूटी जल निगम की पाइप से हो रहा हजारों लीटर पानी बर्बाद, जिम्मेदार मौन
शिवपुर में भरत मिलाप और मां काली के जागरण से पहले नहीं सुधरी व्यवस्था, बाजारवासियों में आक्रोश
वाराणसी। शिवपुर के नारायण पार्क स्थित मां काली मंदिर के समीप जल निगम की पाइप पिछले एक सप्ताह से टूटी हुई है। पाइप से लगातार हजारों लीटर पानी बर्बाद हो रहा है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से अब तक इसे दुरुस्त कराने की पहल नहीं की गई है। वहीं, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों की कथित उदासीनता को लेकर स्थानीय बाजारवासियों में रोष व्याप्त है।


गौरतलब है कि रविवार को शिवपुर में भरत मिलाप के साथ मां काली मंदिर में भव्य देवी जागरण का आयोजन होना है। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में मंदिर के समीप पाइप से लगातार पानी बहने और रास्ते पर जलभराव की स्थिति बनने से श्रद्धालुओं तथा स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि धार्मिक आयोजन की तैयारियों में जुटे आयोजकों और जनप्रतिनिधियों का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर नहीं जा रहा है। लोगों का कहना है कि आयोजन के नाम पर चंदा जुटाने पर तो जोर दिया जा रहा है, लेकिन क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं के समाधान को लेकर अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखाई दे रही है।
क्षेत्रवासियों ने जल निगम के अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराते हुए टूटी पाइप को तत्काल ठीक कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि जब एक ओर पानी की बचत और जल संरक्षण पर जोर दिया जाता है, वहीं दूसरी ओर एक सप्ताह से लगातार पानी की बर्बादी होना जिम्मेदार व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। श्रद्धालुओं को होने वाली संभावित परेशानी से बचाने के लिए रविवार से पहले पाइप की मरम्मत कराना जरूरी है।

